उत्तर नारी डेस्क
उत्तराखण्ड की बेटियां आसमान की ऊंचाइयों को छू कर प्रदेश को गौरवान्वित कर रही हैं। सरकारी, गैर सरकारी तथा सैन्य क्षेत्र में भी राज्य की बेटियां पीछे नहीं है। आज हम आपको राज्य की एक और ऐसी बेटी से रूबरू कराने जा रहे हैं जिसने ना केवल उत्तराखण्ड का नाम रोशन किया है बल्कि देश को भी गौरवान्वित किया है। हम बात कर रहे हैं बागेश्वर जिले के अंतर्गत आने वाले तहसील, कांडा की रहने वाली ममता मेहता की। जिनका चयन भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग अफसर के रूप में हुआ है। ममता मेहता की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से जहां उनके परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है वहीं समूचे क्षेत्र में भी खुशी की लहर है।
बता दें, बंगलुरू AFTC में डेढ़ साल का कठिन प्रशिक्षण करने के बाद वायुसेना में फ्लाइंग अफसर बनाने का अपना सपना पूरा करने वाली ममता मेहता कांडा तहसील क्षेत्र के दोबरगाड़ा, रावतसेरा की रहने वाली है। ममता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव कांडा से ही पूरी की। इसके बाद उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सिमार से इंटर की पढ़ाई पूरी की। इंटर की पढ़ाई पूरी कर, ममता ने गोविंद बल्लभ इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी पौड़ी गढ़वाल में दाखिला ले लिया। यहां ममता ने कंप्यूटर साइंस से बीटेक किया। ममता मेहता एक सैन्य परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता भारतीय सेना से सूबेदार रिटायर्ड हैं। जबकि माता हेमंती मेहता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांडा में शिक्षिका है। वहीं, ममता ने अपनी इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय अपने माता पिता, गुरुजनों एवं भारतीय सेना में ब्रिगेडियर पद पर तैनात अपने मामा हितेंद्र सिंह पिलख्वाल को दिया है। उत्तर नारी टीम की ओर से ममता मेहता को ढेरों शुभकामनाएं।
%20%20dt.22%20to%2026%20January,%202026%20(Republic%20Day).jpg)
%20UCC%20%20dt.%2027%20January,%202026%20to%2021%20February,%202026.jpeg)
