Uttarnari header

उत्तराखण्ड के पूर्व CM भगत सिंह कोश्यारी को मिला पद्म भूषण सम्मान

उत्तर नारी डेस्क 

केंद्र सरकार ने पद्म पुरस्कार 2026 की सूची जारी कर दी है। गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी से ठीक 1 दिन पहले 25 जनवरी की शाम को पद्म विजेताओं के नाम का ऐलान किया जा चुका है। साल 2026 में पांच पद्मविभूषण और 13 पद्मभूषण समेत 131 पद्म पुरस्कारों को मंजूरी मिली है। ऐसे में पद्मभूषण सम्मान पाने वालों में उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का भी नाम शामिल है। 

बता दें, भगत सिंह कोश्यारी का जन्म उत्तराखण्ड के बागेश्वर जिले में हुआ। एक साधारण किसान परिवार से आने वाले कोश्यारी ने शिक्षा को अपना पहला हथियार बनाया। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। शिक्षक के रूप में भी कार्य किया। छात्र जीवन से ही वे सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे। कोश्यारी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत जनसंघ और बाद में भारतीय जनता पार्टी के साथ की। आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और जेल भी गए। यही दौर उनके राजनीतिक व्यक्तित्व को मजबूत करने वाला साबित हुआ।

उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन के दौरान भगत सिंह कोश्यारी अग्रणी भूमिका में रहे। उन्होंने अलग राज्य की मांग को लेकर जनभावनाओं को आवाज दी। केंद्र तक इस मुद्दे को प्रभावी तरीके से पहुंचाया। राज्य गठन के बाद वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने। सीमित संसाधनों वाले इस नवगठित राज्य को प्रशासनिक रूप से मजबूत आधार देने का प्रयास किया। कोश्यारी कई बार सांसद रहे। राज्यसभा में भी उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व किया। 

इसके बाद उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया। जहां उन्होंने संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए राजनीतिक संतुलन और प्रशासनिक मर्यादा को बनाए रखने की कोशिश की। राजनीति के साथ-साथ भगत सिंह कोश्यारी साहित्य और समाजसेवा में भी सक्रिय रहे हैं। वे हिंदी और कुमाऊंनी भाषा के अच्छे लेखक माने जाते हैं। पहाड़, संस्कृति और समाज से जुड़े विषयों पर उनकी कई रचनाएं चर्चित रही हैं। 


मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई–

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को पद्म भूषण सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा समस्त उत्तराखण्डवासियों के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है। यह सम्मान उनके संपूर्ण सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और समाजहित के प्रति समर्पण का यथोचित सम्मान है।

उन्होंने कहा कि कोश्यारी जी का संपूर्ण सार्वजनिक जीवन सादगी, सिद्धांतनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा है। अपने दीर्घ राजनीतिक जीवन में उन्होंने सदैव जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उत्तराखण्ड सहित देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी जी का जीवन संघर्ष, मूल्यों की राजनीति और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण है। पर्वतीय क्षेत्रों के विकास, सामाजिक समरसता के सुदृढ़ीकरण और सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए गए उनके प्रयास हम सभी के लिए प्रेरणास्तंभ हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोश्यारी जी ने अपने कार्यों और विचारों से न केवल उत्तराखण्ड, बल्कि पूरे देश को दिशा देने का कार्य किया है। उनका अनुभव, दूरदृष्टि और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से भगत सिंह कोश्यारी जी को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

Comments