Uttarnari header

उत्तराखण्ड : आशुतोष नौटियाल ने UPSC में हासिल की 398वीं रैंक, क्षेत्र का बढ़ाया मान

उत्तर नारी डेस्क


उत्तराखण्ड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उत्तराखण्ड के कई होनहार अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर ही उच्च पदों पर काबिज हैं। इसी क्रम में अब जनपद उत्तरकाशी के नौगांव ब्लॉक के सुदूरवर्ती बनाल गुलाड़ी गांव के 25 वर्षीय युवा आशुतोष नौटियाल ने अपने तीसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा–2025 में 398वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

बता दें, आशुतोष का यह सफर आसान नहीं था। पहले प्रयास में वे प्रीलिम्स में क्वालीफाई नहीं कर पाए थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी की रणनीति में बदलाव किया। उनका मानना है कि UPSC में सफलता के लिए नियमित, सुव्यवस्थित और फोकस्ड तैयारी सबसे अहम है।

दैनिक जागरण से बातचीत में आशुतोष ने बताया कि वे एक सुदूरवर्ती क्षेत्र के निवासी हैं, जहां अनेक सामाजिक और बुनियादी चुनौतियां हैं। उनका उद्देश्य केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विकास योजनाओं और जनसेवा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने सिविल सेवा का मार्ग चुना।

आशुतोष ने यह भी साझा किया कि पिछली बार वे इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन कुछ अंकों की कमी के कारण सफल नहीं हो पाए। इस बार उन्होंने पाठ्यक्रम पर पूरी पकड़ और लगातार मेहनत के साथ सफलता प्राप्त की। उनका कहना है कि भाषा कभी बाधा नहीं है; अब हिंदी भाषी छात्र भी UPSC में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। महत्वपूर्ण है आपकी समझ और लगन, न कि केवल भाषा।

उन्होंने बताया कि उन्होंने तैयारी के लिए प्रतिदिन पाँच से छह घंटे नियमित अध्ययन किया। कोचिंग के बजाय मार्गदर्शन पर भरोसा करना और इंटरनेट के संसाधनों का उपयोग करना उनके लिए कारगर साबित हुआ। उन्होंने ‘Understand UPSC’ नामक पोर्टल से मार्गदर्शन प्राप्त किया, जो आज के छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी है।

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय आशुतोष ने अपने माता-पिता, परिवार और मित्रों को दिया, जिनके सहयोग और समर्थन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने में मदद की।

आशुतोष की यह सफलता न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और समर्पण का परिणाम है, बल्कि उत्तरकाशी के युवाओं के लिए प्रेरणा और मिसाल भी है।

Comments