Uttarnari header

कोटद्वार: शिक्षा, समाज सेवा एवं रक्तदान के क्षेत्र में शंकर बहादुर को मिला उत्तराखण्ड गौरव रत्न सम्मान

उत्तर नारी डेस्क


शिक्षा, समाज सेवा एवं रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए द डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार में कार्यरत पीजीटी अर्थशास्त्र एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर को प्रतिष्ठित ‘उत्तराखण्ड गौरव रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उत्तराखण्ड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण द्वारा उन्हें प्रदान किया गया। यह उपलब्धि उनके शैक्षिक, सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों के प्रति समर्पण और निरंतर योगदान का सम्मान है।

शंकर बहादुर शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। वहीं, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी के रूप में वे युवाओं को समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

इसके साथ ही रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। उनके प्रयासों का उद्देश्य युवाओं में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना विकसित करना है।

इस सम्मान से विद्यालय परिवार, क्षेत्र एवं उनके शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक-कर्मचारियों ने शंकर बहादुर को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि शिक्षा, समाज सेवा और मानवता के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले सभी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत भी है।

Comments