उत्तर नारी डेस्क 


उत्तराखण्ड में महिलाओं के साथ यौन शोषण और उत्पीड़न की घटनाएं नहीं रुक पा रही हैं। ऐसा ही एक और मामला सामने आया है, जहाँ विवाह के बाद पत्नी का पति, जेठ और भाभी द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा था। यही नहीं, विवाहिता को बाद में बच्चे समेत घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति का अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध है। अपनी भाभी के कहने पर ही उसके पति ने उसे घर से निकला है। पीड़िता ने थाने में पति समेत तीन ससुरालियों के खिलाफ उत्पीड़न का केस दर्ज़ करते हुए आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ट्रांजिट कैंप की रहने वाली चंद्रिका ने बताया कि उसका विवाह ग्राम धूरा, पोस्ट खेती, अल्मोड़ और हाल सेक्टर जे अलीगंज, जजी कालोनी लखनऊ निवासी चंदन जोशी के साथ हुआ था। विवाह के कुछ दिन बाद ही पति चंदन जोशी, जेठ कैलाश जोशी व जेठानी उसे प्रताड़ित और  कम दहेज का ताना देने लगे। साथ ही उसके साथ नौकरानी जैसा बर्ताव करने लगे। पीड़िता ने बताया की जब उसने अपने पति से इसकी शिकायत की तो उन्होंने कहा कि यहां रहना है तो सब सहना पड़ेगा। जब उसने इसका विरोध किया तो पति ने उसके पिता को बुला लिया और उनके सामने ही धमकी और गालीगलौज् करने लगे। यह देख उसके पिता ने रिश्तेदारों को मौके पर बुलाकर उस पर हो रहे अत्याचार की जानकारी दी, जिस पर पति, जेठ और जेठानी ने आश्वासन दिया कि अब वह उसका उत्पीड़न नहीं करेंगे। जिसके बाद में पति ने उसे अलग रख दिया। 

पीड़िता ने बताया की इस बीच वह गर्भवती हुई तो पति ने उसकी पिटाई की। यह देखकर आसपास के लोग इसका विरोध करने लगे। जिसके बाद उसका पति लोगों से ही लड़ने लगा, इसी बीच भीड़ में से एक ईंट उसे लग गई। जिसके बाद उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवा दी। महिला का आरोप है कि घर में खाना बनता तो उसे भूखा रखा जाता था। इस बीच उसने बच्चे को जन्म दिया, फिर भी उसका उत्पीड़न कम नहीं हुआ। चंद्रिका का आरोप है कि उसके पति के अपनी भाभी के साथ अवैध संबंध हैं। जेठानी के बहकावे में आकर उसका पति उसे हमेशा अपने से अलग रखता है। बाद में पति उसे बच्चे समेत मायके छोड़ गया और फिर लेने नहीं आया। 

यह भी पढ़ें - उत्तराखण्ड : OTT प्लेटफार्म पर अब मिलेगी गढ़वाली फिल्म और वेब सीरीज